दूसरा टेस्ट : इंग्लैंड ने 299 पर समेटी वेस्टइंडीज की पहली पारी

सेंट जॉर्ज्स (ग्रेनाडा), 23 अप्रैल (आईएएनएस)। मार्लन सैमुअल्स (103) की शतकीय पारी और 10वें विकेट के लिए देवेंद्र बीशू (30) और शेनन गाब्रिएल (नाबाद 20) के बीच हुई 52 रनों की साझेदारी के बावजूद इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज की पहली पारी 299 रनों पर समेट दी।

नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए 74 रन भी बना लिए और पहली पारी में अब वह 225 रन पीछे है।

कप्तान एलिस्टर कुक 37 और जोनाथन ट्रॉट 32 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इससे पहले पांच विकेट पर 188 रन से आगे खेलने उतरी वेस्टइंडीज टीम की ओर से सैमुअल्स ने अपना शतक पूरा किया। सैमुअल्स और रामदीन ने पहले दिन की अपनी 59 रनों की साझेदारी को संभलकर आगे बढ़ाना शुरू किया और इस साझेदारी को 94 रनों तक ले गए।

शतक पूरा करने के बाद सैमुअल्स ज्यादा देर नहीं ठहर सके और 233 के कुल योग पर इयान बेल के हाथों लपके गए। उनका विकेट जेम्स एंडरसन ने लिया।

सैमुअल्स ने 228 गेंदों की अपनी संयत पारी में 14 चौके लगाए।

इसके बाद स्टुअर्ट ब्रॉड ने लगातार तीन विकेट चटकाकर वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत का ज्यादा लाभ नहीं उठाने दिया।

रामदीन, जेसन होल्डर (22) और केमर रोच (1) के विकेट खोने के बाद मैदान पर मौजूदा आखिरी जोड़ी बीशू और गाब्रिएल ने हालांकि अच्छा संघर्ष किया और 52 रनों की साझेदारी कर टीम को 299 के स्कोर तक पहुंचाया।

इंग्लैंड के लिए ब्रॉड ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। एंडरसन और क्रिस जॉर्डन को दो-दो विकेट मिले।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493