मुंबई, 4 जुलाई (आईएएनएस)। ‘लव के फंडे’ के लेखक और निर्देशक इंद्रवेश योगी का कहना है कि बॉलीवुड की दौड़ में टिके रहने के लिए उन्हें भी किसी और के नाम से लिखना पड़ा था और निर्देशन करना पड़ा था।
‘लव के फंडे’ 15 जुलाई को रिलीज होगी।
मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले योगी को रोहतक में अपने कॉलेज के दिनों में नाटक लेखन के लिए काफी सराहा गया था, जिसके बाद उन्होंने फिल्म उद्योग में शामिल होने के बारे में सोचा। उन्होंने पहले दिल्ली में अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन जब उन्होंने देखा कि वहां सीधे-सादे लोगों को मूर्ख बनाया जाता है, तब उन्होंने मुंबई जाने का फैसला कर लिया।
योगी ने कहा, “इस दौड़ में टिके रहने के लिए और अपने सपने पूरे करने के लिए मुझे दूसरों के नाम से लिखना और निर्देशन भी करना पड़ा। मैं निर्माता और गीतकार फैज अनवर से मिला और उनकी फिल्म ‘लव के फंडे’ के लेखन और निर्देशन का मौका देने की प्रार्थना की। यह फिल्म 15 जुलाई को रिलीज होगी।”
योगी ने बताया कि उनकी फिल्म में प्यार के प्रति आज के युवाओं का दृष्टिकोण दर्शाया गया है।
योगी ने कहा, “यह महानगर में रहने वाले हर व्यक्ति की कहानी है। फिल्म हमारे इर्द-गिर्द की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। यह केवल एक कहानी नहीं है। हालांकि युवा उसे प्यार का नाम देते हैं, लेकिन वे नहीं जानते कि प्यार और रिश्ता असल में क्या है।”
उन्होंने कहा, “उनके मुताबिक, प्यार की परिभाषा कुछ और ही है। एक समय था, जब हीर-रांझा और लैला-मजनूं ने एक-दूसरे के लिए जान दे दी थी, लेकिन आज युवा रिश्ता टूट जाने पर ब्रेक अप पार्टियां देते हैं। फिल्म आज के युवाओं की तस्वीर पेश करती है।”
फिल्म में नए कलाकारों को मौका दिया गया है।
फिल्म के कलाकारों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह युवाओं पर आधारित फिल्म है और इसलिए हम इसमें नए चेहरों को लेना चाहते थे। नए लोग आते हैं और ज्यादा ऊर्जा से काम करते हैं। वे अपनी भूमिकाओं में अपना पूरा 100 फीसदी देते हैं।”
dharmpath.com dharmpath