दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ जम्मू एवं कश्मीर में कराना चाहता है मैत्री मैच

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) ने शनिवार को कहा कि वह जम्मू एवं कश्मीर में दोस्ताना मैच आयोजित कराने की योजना पर काम कर रहा है।

गौरतलब है कि अगले वर्ष जनवरी में भारत दृष्टिबाधित क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी करने वाला है और सीएबीआई विश्व कप की तैयारी के तहत यह योजना बना रहा है।

सीएबीआई के अध्यक्ष महंतेश जी. के. ने शनिवार को केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत द्वारा भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को सम्मानित किए जाने के बाद यह घोषणा की।

केंद्रीय मंत्री ने भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को हाल ही में टी-20 एशिय कप सहित कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट जीतने पर शनिवार को सम्मानित किया।

महंतेश ने कहा, “मैं भारत सरकार से जम्मू एवं कश्मीर में मैच आयोजित करने के हमारे प्रस्ताव पर विचार करने का अनुरोध करता हूं। हम जम्मू एवं कश्मीर सरकार की खेल परिषद के अधीन उपयुक्त स्थल पर इन मैचों का आयोजन करेंगे।”

उन्होंने कहा, “यह मैच स्थानीय युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा साबित होगा, साथ ही हम इस मैच के जरिए जम्मू एवं कश्मीर वासियों और भारतीय सशस्त्र बलों के साथ अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कर पाएंगे।”

महंतेश ने कहा कि वह इस मैच से राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, भारतीय सशस्त्र बलों और आम जनों तथा युवाओं को भी जोड़ेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493