मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। युवा पाश्र्व गायक देव नेगी को रोमांटिक गीत गाना बेहद पसंद है और इस शैली के उनके पसंदीदा अभिनेताओं में शाहरुख नाम का नाम सबसे ऊपर है।
‘बद्री की दुल्हनिया’, ‘पारो’ और ‘हो गया है प्यार’ जैसे गीतों को आवाज देने वाले नेगी का कहना है कि बात जब रोमांटिक गानों की हो तो सबसे पहले उनके जेहन में नाम शाहरुख खान आता है।
बकौल नेगी, “मेरी दिली ख्वाहिश है कि मेरे गाने शाहरुख खान पर फिल्माए जाएं। वह मेरे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक हैं। उनमें कुछ जादुई सी बात है और इसलिए जब पर्दे पर वह रोमांटिक गाने गाते नजर आते हैं तो इनका आकर्षण ही खास होता है। यदि मेरे गाए गीत शाहरुख पर फिल्माए जाते हैं तो यह बेहतरीन होगा।”
नेगी का यह भी कहना है कि यूं तो उन्होंने कई शैलियों के गीत गाए हैं, पर रोमांटिक गीत उनके पसंदीदा हैं। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “बॉलीवुड में मैंने अब तक कई शैलियों के गीत गाए हैं, चाहे वे डांस नंबर हों या आर एंड बी या फिर पार्टी सॉन्ग, पर मैं रोमांटिक गीत गाना पसंद करता हूं।”
नेगी का नया एकल गीत बुधवार को जारी हुआ।
dharmpath.com dharmpath