नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्य पंजाब, हरियाणा और मध्यप्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद जोर पकड़ी है, लेकिन अन्य राज्यों में खरीद की रफ्तार सुस्त बनी हुई। पंजाब में सरकारी एजेंसियों ने करीब 100 लाख टन गेहूं की खरीद पूरी कर ली है।
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की वेबसाइट पर शुक्रवार को अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, देशभर में गेहूं की खरीद 242.52 लाख टन हो चुकी है। केंद्र सरकार ने इस साल देशभर में 357 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा है, जबकि पिछले सीजन 2018-19 में सरकारी खरीद एजेंसियों ने देशभर में 357.95 लाख टन गेहूं की खरीद की थी।
एफसीआई के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 99.76 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है, जबकि सरकारी एजेंसियों ने हरियाणा में अब तक 82.11 लाख टन गेहूं खरीदा है। मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद 42.05 लाख टन हो चुकी है जबकि देश के सबसे बड़े गेहूं उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में महज 12.30 लाख टन गेूहं की खरीद हो पाई है।
सरकारी एजेंसियों ने राजस्थान में 5.93 लाख टन, उत्तराखंड में 22,000 टन, चंडीगढ़ में 11,000 टन और गुजराज में 4,000 टन गेहूं खरीदा है।
एफसीआई की वेबसाइट पर बिहार और हिमाचल में गेहूं खरीद का कोई आंकड़ा अब तक उपलब्ध नहीं है।
सरकार ने इस साल सबसे ज्यादा पंजाब में 125 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में पिछले सीजन में 126.92 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी।
हरियाणा में इस साल 85 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पिछले साल सरकारी एजेंसियों ने प्रदेश में 87.84 लाख टन गेहूं खरीदा था।
देश के दूसरे सबसे सबसे बड़े गेहूं उत्पादक राज्य मध्यप्रदेश में इस साल 75 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जबकि प्रदेश में पिछले साल 73.13 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी।
देश के सबसे बड़े गेहूं उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में इस साल 50 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। पिछले साल उत्तर प्रदेश में सरकारी एजेंसियों ने कुल 52.94 लाख टन गेहूं की खरीद की थी।
राजस्थान में इस साल 17 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है जबकि पिछले साल प्रदेश में 15.32 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी।
इस साल बिहार में और उत्तरखंड में दो-दो लाख टन और गुजरात में 50,000 टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अन्य राज्यों में 50,000 टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है। पिछले साल उत्तराखंड मं 1.10 लाख टन, गुजरात में 37,000 टन, हिमाचल प्रदेश में 1,000 टन बिहार में 18,000 टन और चंडीगढ़ में 14,000 टन गेहूं की खरीद हुई थी।
dharmpath.com dharmpath