मुंबई, 6 जनवरी (आईएएनएस)। देश के सेवा क्षेत्र में दिसंबर महीने में विस्तार दर्ज किया गया और इसके कारण समग्र अर्थव्यवस्था में भी तेजी दर्ज की गई। यह जानकारी बुधवार को जारी एक आंकड़े से मिली।
समग्र अर्थव्यवस्था के रुझान का संकेत देने वाले निक्के ई इंडिया कंपोजिट पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) की दिसंबर रीडिंग बढ़कर 51.6 दर्ज की गई, जो नवंबर में 50.2 थी।
सूचकांक के 50 से ऊपर रहने का तात्पर्य संबंधित क्षेत्र में विस्तार और इसके 50 से नीचे रहने का मतलब संकुचन होता है।
कंपोजिट पीएमआई की रीडिंग विनिर्माण पीएमआई और सेवा पीएमआई के औसत से तय होती है। यह देश में विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों की करीब 700 कंपनियों से की गई पूछताछ पर आधारित होती है।
निक्के ई सेवा पीएमआई की रीडिंग दिसंबर में बढ़कर 53.6 रही, जो नवंबर में 50.1 थी।
निक्के ई इंडिया विनिर्माण पीएमआई की रीडिंग हालांकि दिसंबर में 28 महीने के निचले स्तर पर 49.1 दर्ज की गई, जो नवंबर में 50.3 थी।
सेवा पीएमआई के मुताबिक, छह में से चार क्षेत्रों में विस्तार दर्ज किया गया। साथ ही नए ऑर्डर और मांग की स्थिति में सुधार हुआ है। रोजगार की स्थिति हालांकि जस की तस है।
dharmpath.com dharmpath