पासाडेना (अमेरिका), 29 मई (आईएएनएस)। रूस में होने वाले फीफा विश्व कप से पहले मेक्सिको और वेल्स ने यहां खेले गए एक दोस्ताना मैच में गोलरहित ड्रॉ खेला।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, रोस बॉल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेक्सिको की टीम ने मैच पर अपना नियंत्रण जरूर बनाए रखा लेकिन वह गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी।
मेक्सिको के लिए पहले हाफ में जेवियर एक्निो ने तीसरे, जीसस मैनुअल क्रोना ने छठे और हेक्टर हरेरा ने 14वें मिनट में गोल करने के मौके जरूर बनाए लेकिन गोल नहीं हो सका।
दूसरी तरफ वेल्स के कोच रियान गिब्स ने इस मैच के जरिये अंडर-21 वर्ग के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखा।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने बदलाव किया और अपने प्रमुख खिलाड़ियों के बगैर खेल रही मेक्सिको ने एक बार फिर मैच पर दबदबा कायम रखा। मेक्सिको को 58वें और 61वें मिनट में गोल दागने का अवसर प्राप्त हुआ लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं पाया।
मेक्सिको की टीम दो जून को स्कॉटलैंड और फिर नौ जून को डेनमार्क के विश्व कप से पहले दो दोस्ताना मैच खेलेगी। विश्व कप में टीम को मौजूदा चैंपियन जर्मनी, दक्षिण कोरिया और स्वीडन के साथ ग्रुप एफ में शािमल किया गया है।
dharmpath.com dharmpath