दो संगठनों की लड़ाई में अदिति को नहीं मिला अर्जुन अवार्ड

नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक-2016 में हिस्सा लेने वाली भारत की महिला गोल्फ खिलाड़ी अदिति अशोक को भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) और भारतीय महिला गोल्फ संघ (डब्ल्यूजीएआई) के बीच तालमेल की कमी के कारण इस साल भी अर्जुन पुरस्कार नहीं मिला।

डब्ल्यूजीएआई की महासचिव चिमपक सयाल ने मंगलवार को एक कार्यक्रम से इतर संवादादताओं से बातचीत में इस बात का खुलासा किया।

सयाल ने कहा कि आईजीयू की गलती के कारण अदिति दो बार अर्जुन अवार्ड से चूक गई वहीं आईजीयू का कहना है कि उन्होंने इस बार अदिति का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजने की तैयारी कर ली थी लेकिन खिलाड़ी ने फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं किए इसलिए इस बार उनका नाम नहीं जा पाया। सयाल ने साथ ही कहा कि आईजीयू ने इस संबंध में डब्ल्यूजीएआई से कोई संपर्क नहीं किया।

सयाल ने कहा, “ओलम्पिक के बाद भी हमने कहा था कि अदिति को नाम अर्जुन अवार्ड के लिए होना चाहिए तब हमें आईजीयू से इस बारे में आश्वस्त किया गया लेकिन जब नाम न आने पर हमने पूछा तो उन्होंने कहा कि अगले साल हम जरूर देंगे, लेकिन इस बार भी नहीं आया।”

सयाल ने कहा, “वह कुछ कर नहीं कर रहे और न ही हमें कुछ बताते हैं। इस कारण एक अच्छी खिलाड़ी के हिस्से अर्जुन अवार्ड आने से चूक गया। हमें नहीं पता होता कि आईजीयू क्या कर रही है। हम कुछ नहीं कर सकते।”

जब इस मामले में आईजीयू से पूछा गया तो उसके डायरेक्टर जनरल विभूति भूषण ने कहा, “हमने दो खिलाड़ियों के नाम भेजे थे- शुभांकर शर्मा और अदिति। अदिति ने जो फॉर्म होता है उस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। जब खिलाड़ी ही हस्ताक्षर नहीं करेगा तो हम क्या कर सकते हैं। हमने इसके लिए आखिरी दिन का तक का इंतजार किया था।”

सयाल ने कहा कि अदिति को अवार्ड न मिलना दुख की बात है और इसलिए वह बुधवार को खेल मंत्री से बात करेंगी।

उन्होंने कहा, “अदिति को पुरस्कार न मिलना खेल के लिए एक दुखद बात है। हम इससे काफी हैरान हैं और इसलिए कल (बुधवार) खेल मंत्री से बात करने जा रहे हैं। देखते हैं क्या होता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493