लॉस एंजलिस, 31 मई (आईएएनएस)। टेलीविजन कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘द कम्बैक’ में हेयरड्रेसर मिकी डीन का किरदार निभाने वाले अभिनेता रॉबर्ट माइकल मॉरिस का कैलिफोर्निया के डाउनी में निधन हो गया।
हॉलीवुड रिपोर्टर डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, 77 वर्षीय अभिनेता का मंगलवार को निधन हुआ। मृत्यु के कारण का अभी पता नहीं चल सका है।
मॉरिस को समीक्षकों द्वारा सराहे गए कम अवधि वाले शो ‘द कम्बैक’ में उनके अभिनय के लिए विशेष रूप से पहचाना जाता है। इसमें अभिनेत्री लिसा क्रुडो प्रमुख भूमिका में थीं।
अभिनेत्री ने अपने सह-कलाकार को ट्वीटर पर अपनी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “हमने रॉबर्ट माइकल मॉरिस को खो दिया है। वह हमारे लिए कई अच्छे उपहार छोड़कर गए हैं। खासकर एक उदाहरण छोड़कर गए हैं कि सही मायने में एक अच्छा इनसान कैसा होता है।”
मॉरिस के निधन की सूचना उनकी प्रतिनिधि साराबेथ शेदीन ने दी। हॉलीवुड रिपोर्टर डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार शेदीन ने एक बयान में मॉरिस को एक बेहद अच्छा व्यक्ति बताया और कहा कि अभिनेता ने एक जीवनी लिखी थी। उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में यह विश्व के सामने आएगी।
मॉरिस ने कई लोकप्रिय शो में यादगार अतिथि भूमिका में देखे गए थे जिनमें ‘विल एंड ग्रेस’, ‘अरेस्टेड डेवेलपमेंट’ और ‘हाउ आई मेट योर मदर’ जैसे शो प्रमुख हैं।
dharmpath.com dharmpath