पुणे, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम राइजिग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज फाफ डू प्लेसिस उंगली में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। प्लेसिस ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
खराब फॉर्म से गुजर रही पुणे के लिए प्लेसिस का जाना बड़ा झटका है।
प्लेसिस ने ट्वीट में लिखा, “मेरा आईपीएल टूर्नामेंट उंगली में लगी चोट के बाद खत्म हो गया। छह सप्ताह तक मैं बाहर ही रहूंगा। शुक्रिया भारत और राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स। काफी मजा आया।”
प्लेसिस पुणे की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने छह मैचों में 34.33 की औसत से 206 रन बनाए हैं। उन्होंने गुजरात लायंस और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक भी लगाए थे, हालांकि टीम यह दोनों मैच हार गई थी।
पुणे के लिए यह दूसरा बड़ा झटका लगा है। इससे पहले इंग्लैंड के बल्लेबाज केविन पीटरसन भी पिडली में लगी चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गए थे।
उनके ट्वीट के मुताबिक अगर वह छह सप्ताह के लिए क्रिकेट से दूर रहते हैं तो उनके तीन जून से वेस्टइंडीज और आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रही त्रिकोणीय श्रृंखला में खेलने पर भी संशय है।
dharmpath.com dharmpath