चेन्नई, 5 मई (आईएएनएस)। दिग्गज फिल्मकार दसारी नारायण राव का कहना है कि वह अब युवा पीढ़ी के दर्शकों की पसंद की फिल्में नहीं बना सकते।
दसारी 100 से ज्यादा फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
उनका कहना है कि वह निर्देशन करने की बजाय अब युवा प्रतिभा के साथ फिल्में बनाने पर ध्यान देंगे।
दसारी ने आईएएनएस को बताया, “मुझे लगता है कि मैं अपनी किस्म की फिल्मों के जरिए आज के दर्शकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सकता। हाल में अभिनेता पवन कल्याण ने मुझे बताया कि ‘मैं फिल्मों का निर्देशन करने की सोच रहा हूं’ और मुझसे निर्देशन करने के लिए कहा। मैंने उन्हें यही वजह बताई।”
दसारी के निर्देशन की पिछली फिल्म तेलुगू फिल्म ‘एर्रा बस’ थी, जो बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी।
दसारी ने कहा, “मुझे अभी भी नहीं पता कि वह फिल्म क्यों नहीं चली। यह तमिल भाषा में जबर्दस्त रूप से सफल हुई थी। तमिल में इसकी सफलता से कहीं अधिक मुझे दादा व पोते के रिश्ते की इसकी प्यारी सी कहानी ने आकर्षित किया था।”
dharmpath.com dharmpath