सियोल, 22 मई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने शुक्रवार को विमानन कंपनी, कोरियन एयर की पूर्व उपाध्यक्ष को कथित नट रेज मामले में विमान का मार्ग बदलने के आरोपों से बरी कर दिया।
समाचार एजेंसी योनहप के मुताबिक, चो हयून-आह ने पांच दिसंबर, 2014 को विमान के चालक दल के एक वरिष्ठ सदस्य से विमान को वापस हवाईअड्डे के गेट पर ले जाने को कहा। दरअसल, चो को प्लेट के बजाए एक बंद पैकेट में नट्स (खाद्य सामग्री) दी गई थी, जिससे वह नाराज हो गई थीं।
यह घटना न्यूयॉर्क हवाईअड्डे पर घटित हुई और यह विमान अमेरिका से दक्षिण कोरिया आने वाला था। चो ने नियमों को ताक पर रखकर विमान को वापस हवाईअड्डे के गेट पर ले जाने का निर्देश दिया, जिस वजह से विमान के उड़ान भरने में लगभग 24 मिनट की देरी हो गई।
विमानन नियमों की अवहेलना करने पर चो को एक साल कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन सियोल के उच्च न्यायालय ने उन्हें निलंबित कारावास का आधेश देकर बरी कर दिया।
हालांकि, विमान परिचारकों के साथ बदसलूकी के मामले में उनपर दोष बरकरार है।
dharmpath.com dharmpath