पटना-बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को मतदान के आंकड़े जारी किए. आयोग के अनुसार, इस बार राज्य में कुल 66.91 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 1951 में हुए पहले विधानसभा चुनाव के बाद से अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है.निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस बार महिला मतदाताओं ने एक बार फिर पुरुषों को पीछे छोड़ दिया. पहले चरण में 6 नवंबर को 69.04 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 61.56 रहा. दूसरे और अंतिम चरण में भी महिलाओं की भागीदारी रिकॉर्ड रही. 74.03 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पुरुषों का आंकड़ा 64.1 प्रतिशत पर रहा.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि ये आंकड़े अनंतिम हैं, जिनमें सेवा मतदाताओं, ट्रांसजेंडर वोटर्स और डाक मतपत्रों का डेटा शामिल नहीं है. अंतिम आंकड़े ईसीआई इंडेक्स कार्ड के माध्यम से साझा किए जाएंगे. बिहार में महिलाओं का बढ़ता मतदान प्रतिशत लगातार नया रिकॉर्ड बना रहा है. 2015 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने 60.48 प्रतिशत मतदान किया था, जबकि पुरुषों का प्रतिशत 53.32 रहा था. वहीं 2000 के चुनाव में पुरुषों का मतदान 70.71 प्रतिशत और महिलाओं का 53.28 प्रतिशत था.मतदान समाप्त होते ही विभिन्न मीडिया संस्थानों और एजेंसियों के एग्जिट पोल्स सामने आए हैं. इनमें ज्यादातर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना जताई है. राज्य के मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के नेता संतोष सुमन ने कहा, “राजग भारी बहुमत से सरकार बना रहा है. हमें जितनी सीटें मिलेंगी, वह एग्जिट पोल्स के अनुमानों से भी ज्यादा होंगी.”
दूसरी ओर, विपक्षी महागठबंधन (‘INDIA’ गठबंधन) ने इन सर्वेक्षणों को सिरे से खारिज कर दिया है. राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा, “इतना ऊंचा मतदान प्रतिशत आम तौर पर सत्तारूढ़ दल के खिलाफ जाता है. हमें नतीजों का इंतजार करना चाहिए, एग्जिट पोल्स वास्तविकता से बहुत दूर हैं.”
dharmpath.com dharmpath