‘नथुनिये पे गोली मारे 2’ में पुलिस भर्ती घोटाले की कहानी : अजय श्रीवास्तव

पटना, 10 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार पुलिस की कहानी पर बनी कई फिल्मों के हिट होने के बाद आने वाली फिल्म ‘नथुनिये पे गोली मारे 2’ भी बिहार में हुए पुलिस भर्ती घोटाले पर आधारित कहानी है।

भोजपुरी फिल्म ‘नथुनिये पे गोली मारे 2’ के निर्माता और निर्देशक अजय श्रीवास्तव ने यहां बताया कि ‘नच बलिये फेम’ विक्रांत सिंह राजपूत की आने वाली यह फिल्म एक संवेदनशील फिल्म है, जिसमें उन युवाओं की कहानी है, जो देश की सेवा के लिए सैन्य बलों में अपना करियर बनाने का सपना देखते हैं परंतु सिस्टम में उन्हीं के साथ धोखा हो जाता है।

उन्होंने कहा कि ‘नथुनिये पे गोली मारे 2’ उत्तर प्रदेश-बिहार के नौजवानों की कहानी है।

अजय श्रीवास्तव कहते हैं, “इस फिल्म में जब किसी के सपनों पर पानी फिरता है, तब उसकी पीड़ा क्या होती है और उसका क्या परिणाम होता है, वह देखने को मिलेगा। साथ ही फिल्म की मुख्य आकर्षण होंगी, बिग बॉस फेम मोनालिसा, जो एक गाने में नजर आएंगी।”

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ है, जिसमें विक्रांत सिंह राजपूत, नमित तिवारी और अजय श्रीवास्तव के ‘एक्शन’ को लोगों ने खूब पसंद किया है।

म्यूजिक कंपनी वेब द्वारा जारी इस फिल्म के ट्रेलर को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के गाने भी मधुर और कर्णप्रिय हैं। इस फिल्म का निर्माण दिव्य शक्ति एंटरटेनमेंट और मारुति फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है, जिसके रिलीज की तैयारी जोर शोर से चल रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ‘नथुनिये पे गोली मारे’ भोजपुरिया बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।

फिल्म में विक्रांत सिंह राजपूत, मोनालिसा, अवधेश मिश्रा, नमित तिवारी, अजय कुमार के साथ शिविका दीवान, तेजल चौधरी, इनुश्री, अनुप अरोड़ा, मनोज टाइगर, प्रकाश जैस, सी.पी. भट्ट और आइटम गर्ल सीमा सिंह नजर आएंगी।

फिल्म में गीत-संगीत अशोक कुमार दीप का है, जबकि संवाद सुरेंद्र मिश्रा ने लिखे हैं। फिल्म के प्रचारक रंजन सिन्हा और सर्वेश कश्यप हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493