नरीन मामले पर गांगुली ने किया किनारा

कोलकाता, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले कैरेबियाई स्पिन गेंदबाज सुनील नरीन की संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन मामले पर पूछे गए सवालों से बचकर निकल गए।

गांगुली ने कहा, “मैं नियमों एवं दिशा-निर्देशों से अच्छी तरह वाकिफ नहीं हूं। बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया इस सवाल का जवाब देने के लिए सही व्यक्ति हैं। उनके पास इसका जवाब होगा।”

गौरतलब है कि नरीन को संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन पर रोक लगा रखी है और आईपीएल के आठवें संस्करण में हिस्सा लेने से पहले चेन्नई स्थित परीक्षण केंद्र से जांच करवा मंजूरी लेने की शर्त लगा दी है।

आईपीएल का आठवां संस्करण आठ अप्रैल से शुरू हो रहा है और नाइट राइडर्स को अपना पहला मैच आठ अप्रैल को ही खेलना है, ऐसे में नरीन के शामिल होने पर संदेह उठने लगा है।

नरीन को पिछले वर्ष भारत में हुई चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान संदिग्ध ऐक्शन से गेंदबाजी करते पाया गया था, जिसके बाद उन पर बीसीसीआई ने अपने द्वारा आयोजित सभी टूर्नामेंट में गेंदबाजी पर रोक लगा दी थी।

नरीन ने अपने ऐक्शन में सुधार किया और परीक्षण के बाद आईसीसी ने उनके नए ऐक्शन को मंजूरी दे दी।

नाइट राइडर्स ने इस मामले में बीसीसीआई से नाराजगी जाहिर की है और यहां तक कि आईपीएल-8 से हटने की चेतावनी भी दी है।

गांगुली ने हालांकि कहा कि श्रीलंका के दिग्गज स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन के गेंदबाजी कोच के तौर पर नाइट राइडर्स से जुड़ने का टीम को फायदा मिलेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493