नरेन को मिली बीसीसीआई की हरी झंडी (लीड-1)

मुम्बई , 7 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन समिति ने कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के कैरेबियाई स्पिन गेंदबाज सुनील नरेन को नए गेंदबाजी ऐक्शन के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में फिर से गेंदबाजी करने की अनुमति दे दी है।

बीसीसीआई संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन समिति ने हालांकि इस बार नरेन को अंतिम चेतावनी दी है। अब नरेन अपनी टीम के लिए ऑफ स्पिन सहित हर तरह की गेंद फेंक सकेंगे।

नरेन को 28 अप्रैल को बीसीसीआई की संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन समिति के सामने अपनी ऑफ ब्रेक गेंद को लेकर परीक्षण देना पड़ा था, जिसे समिति ने प्रतिबंधित कर दिया था।

बीसीसीआई की संदिग्ध गेंदबाजी ऐक्शन समिति ने सुधार वाले ऐक्शन के साथ अपनी जांच करवाने को कहा था, जिसके बाद नरेन ने चेन्नई स्थित श्री रामचंद्र आथ्रेस्कोपी एंड स्पोर्ट्स साइंसेज सेंटर में तीसरी बार अपने गेंदबाजी ऐक्शन की जांच करवाई।

बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, “नए जांच के बाद पहली बार हुए आधिकारिक मूल्यांकन की पुष्टि हुई है तथा सुधार वाले ऐक्शन के साथ नरेन नियम का उल्लंघन नहीं करते।”

बोर्ड ने कहा है कि नरेन का नाम संदिग्ध ऐक्शन वाले गेंदबाजों की सूची से हटाया जा रहा है लेकिन अब अगर उन्होंने तय मानकों का उल्लंघन किया तो फिर उन पर इस सत्र में खेलने पर प्रतिबंध लग जाएगा।

इससे नाइट राइडर्स को काफी फायदा होगा क्योंकि नरेन ने नाइट राइडर्स को दो बार आईपीएल खिताब दिलाने में अहम किरदार निभाया है।

नरेन को इससे पहले भी 2014 में आईपीएल के सातवें संस्करण के फाइनल मुकाबले में खेलने से रोका जा चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493