मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी निर्मित लघु फिल्म ‘मियां कल आना’ की स्क्रीनिंग अब पाम स्प्रिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में होगी। यह पूर्व में 68वें कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव में दिखाई जा चुकी है।
‘मियां कल आना’ का निर्देशन नवाजुद्दीन के छोटे भाई शम्स सिद्दीकी ने किया है।
नवाजुद्दीन का कहना है कि फिल्म को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर ले जाकर वह गौरवान्वित हैं।
17.5 मिनट की ‘मियां कल आना’ कैलिफोर्निया के पाम स्प्रिंग में 16 से 22 जून तक चलने वाले 21वें वार्षिक पाम स्प्रिंग इंटरनेशनल शॉर्ट फेस्ट में शामिल होगी।
वहां इसकी स्क्रीनिंग रविवार को होगी।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने एक बयान में कहा, “मैं एक फिल्मनिर्माता के रूप में बेहद गौरवान्वित हूं कि फिल्म को इस तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है। मैं फिल्म बनाने की नहीं सोचता, लेकिन फिल्म का विषय बेहद प्रासंगिक और मुद्दा आधारित है।”
फिल्म इम्तियाज नामक आदमी की कहानी है, जो गुस्से में आकर अपनी पत्नी को तलाक दे देता है, जिसका उसे बाद में बड़ा मलाल होता है। वह अपनी भूल (तलाक) सुधारना चाहता है, लेकिन इस्लाम धर्म में हलाला कानून के मुताबिक, वह तब तक महिला को फिर से अपनी पत्नी के रूप में नहीं पा सकता, जब तक महिला दूसरी शादी न कर ले और उसे दूसरे पति से भी तलाक न मिल जाए।
dharmpath.com dharmpath