मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के बल पर पहचान बनाने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि उन्हें पुरस्कारों की परवाह नहीं है।
नवाजुद्दीन ने यहां आईएएनएस से कहा, “मेरे लिए अवॉर्ड्स मायने नहीं रखते। मुझे इनकी परवाह नहीं। अवॉर्ड समारोह के बाद अक्सर लोग भूल जाते हैं कि किसको क्या मिला, पर किसी भी कलाकार की प्रस्तुति, अभिनय हमेशा याद रखा जाता है। अवॉर्ड सिर्फ एक कड़ी है, जिसमें सभी एक-दूसरे से मिलते हैं, अच्छे कपड़े पहनते हैं।”
उन्होंने कहा कि यह भारतीय सिनेमा में प्रयोग करना सबसे अच्छा दौर है।
उन्होंने कहा, “मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे इस तरह की फिल्में मिली। एक नई फिल्म में मैं रोमांटिक किरदार निभा रहा हैं। एक कलाकार के रूप में मैं इस तरह की शैलियों का प्रयोग कर रहा हूं। हर किसी को इसका लाभ लेना चाहिए।”
अभिनेता का मानना है कि इस उद्योग में बने रहने के लिए फिल्म साइन करने से पहले दो बार सोचना चाहिए।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘रमन राघव 2.0’ शुक्रवार को रिलीज हुई है। यह फिल्म अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित है।
dharmpath.com dharmpath