इस्लामाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ शुक्रवार को तुर्की के एक दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रवाना हुए। शरीफ तुर्की में यमन के मौजूदा संकट पर चर्चा करेंगे।
समाचार पत्र ‘डॉन’ की वेबसाइट के मुताबिक, नवाज तुर्की के प्रधानमंत्री अहमत दावुतोग्लु और राष्ट्रपति रेसेप तईप एडरेगन के साथ वार्ता करेंगे।
नवाज ने तुर्की रवाना होने से पहले एक बयान में कहा कि पाकिस्तान संकट के शांतिपूर्ण समाधान में यकीन करता है और मुस्लिम देशों में एकता को बढ़ावा देना चाहता है।
इस दौरे के दौरान नवाज के साथ उनके राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश मामलों के सलाहकार सरजात अजीज भी हैं।
इससे पहले पाकिस्तान ने यमन में संकट के शीघ्र समाधान की राह आसान करने और शांति को बढ़ावा देने के लिए मुस्लिम देशों के नेताओं से संपर्क करने का फैसला किया था।
dharmpath.com dharmpath