लॉस एंजेलिस, 14 सितंबर (आईएएनएस)। मद्यपान के खिलाफ लंबे समय तक संघर्ष करने वाली गायिका सिया ने इस पर संयम रखने के छठे साल का जश्न मनाया।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, इस 40 वर्षीय गायिका ने ट्विटर के जरिए एक साल और शराब के सेवन से दूर रहने तथा इसमें उनकी सहयता करने वाले लोगों को धन्यवाद देकर अपनी खुशी का इजहार किया।
‘शैंडलियर’ गीत से मशहूर हुईं सिया ने ट्वीट किया, “संयम रखते हुए छह साल हो गए। उन सभी को धन्यवाद, जिन्होंने जानबूझकर या अनजाने में मेरी सहायता की। आप सबको प्यार।”
‘चीप थ्रिल्स’ गीत की रचना करने वाली इस गायिका ने ब्रिटिश टीवी शो ‘द लेट लेट शो विद जेम्स कॉर्डन’ में बताया कि पहले उन्हें मादक पदार्थो और शराब की लत का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने धीरे-धीरे इस पर काबू पा लिया।
उन्होंने कहा, “मैं पहले ही पिछले 10 या 11 सालों से औसत दर्जे की सफल गायिका थी और मैं शराब तथा मादक पदार्थ लेने की लती थी। मैंने प्रसिद्धि पाना अभी शुरू ही किया था और शराब तथा मादक पदार्थो की लत के कारण यह कुछ मायनों में अस्थिर होता जा रहा था। इसलिए मैंने खुद को संयमित करने का फैसला लिया।”
dharmpath.com dharmpath