नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘परिणीता’, ‘3 इडियट्स’ और ‘पीके’ जैसी हिट फिल्में देने वाले प्रख्यात फिल्मकार विधु विनोद चोपड़ा ने पहली बार गीत लेखन के क्षेत्र में हाथ आजमाया है।
अपनी फिल्म ‘वजीर’ के एक गीत के जरिए गीत लेखन की दुनिया में कदम रखने वाले चोपड़ा का कहना है कि उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि उनका लिखा गीत बिना किसी बदलाव के ऐसे ही फिल्म में लिया जाएगा।
उनके लिखे रोमांटिक गीत ‘तेरे बिन’ का संगीत शांतनु मोइत्रा ने तैयार किया है और सोनू निगम और श्रेया घोषाल ने उसे आवाज दी है।
राजकुमार हिरानी के साथ ‘वजीर’ के सह निर्माता चोपड़ा ने कहा, “मैंने सोचा नहीं था कि मेरे लिखे गीत के बोल ऐसे ही फिल्म में ले लिए जाएंगे। मैंने सोचा था कि मेरे लिखे बोल से गीत तैयार किया जाएगा, लेकिन उसे वैसे ही लिया गया, जैसा मैंने लिखा था। आपको गीत का अंतरा बेहद खूबसूरत लगेगा।”
चोपड़ा ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कभी गीत लिखूंगा। शांतनु मोइत्रा फिल्म के लिए संगीत की रचना कर रहे थे और मैंने यूं ही कुछ शब्द बताने शुरू किए। हमने सोचा था कि गीत बाद में लिखा जाएगा, लेकिन वह सभी को बेहद पसंद आया और उसे फिल्म में ऐसे ही लेने का फैसला किया गया।”
चोपड़ा का लिखा गीत फरहान अख्तर और अदिति राव हैदरी पर फिल्माया गया है।
dharmpath.com dharmpath