नाइजीरिया के कॉलेज में आतंकी हमला, 50 घायल

अबुजा, 8 मई (आईएएनएस)। नाइजीरिया के उत्तरपूर्व में स्थित योवे राज्य शुक्रवार को गोलीबारी और दो बम विस्फोटों से दहल उठा। इस हमले में 50 लोग घायल हो गए जिसमें अधिकतर छात्र हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अस्पताल सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से अपनी रपट में बताया कि एक कॉलेज पर हुए इस हमले में 50 लोग घायल हुए हैं जिनमें ज्यादातर छात्र हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि हमले की शुरुआत एक आत्मघाती बम विस्फोट से हुई। योबे राज्य के सबसे बड़े शहर पोतिस्कम में कॉलेज ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव एंड बिजनेस स्टडीज की कार पार्किं ग में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया।

घटनास्थल पर पहुंचे एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि दूसरा बम विस्फोट कॉलेज के छात्रावास में हुआ, लेकिन इसमें किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचा क्योंकि सभी छात्र अपनी कक्षाओं में गए थे।

सुरक्षा अधिकारी ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि विस्फोटों के बाद मुख्य परिसर में छात्रों पर गोलीबारी शुरू कर दी गई।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि अब तक 50 घायलों को भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि घायलों में 45 लोग घटनास्थल से भागते समय घायल हो गए, जबकि पांच घायलों को गोली लगी हैं।

घटना की सूचना पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों ने हमले पर काबू पा लिया। इस हमले के पीछे बोको हराम का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

बोको हराम अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया में इस्लामी शरीयत कानून लागू करना चाहता है। नाइजीरियाई सुरक्षाबल बोको हराम के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। आतंकवादियों को उनके ठिकानों से खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने पिछले सप्ताह हवाई बमबारी शुरू की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493