नाइजीरिया में चर्च की छत ढही, 60 की मौत

लागोस, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया में एक चर्च की छत ढह गई, जिससे 60 लोगों की मौत हो गई।

‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नाइजीरिया के दक्षिण-पूर्वी राज्य अकवा इबोम की राजधानी उयो में शनिवार सुबह हुई, जब सैकड़ों लोग रीगनर्स बाइबिल चर्च में बिशप के ऑर्डनेशन के सिलसिले में एकत्र हुए थे।

इसमें अकवा इबोम राज्य के गवर्नर उडोम एमानुएल भी शामिल हुए थे, लेकिन वह इस घटना में हताहत नहीं हुए।

कुछ अन्य रिपोर्ट में मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा जताया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चर्च में निर्माण कार्य चल रहा था और इसमें जुटे कर्मी इसे ऑर्डनेशन समारोह से पहले पूरा कर लेने की जल्दी में थे।

एमानुएल ने इसकी जांच कराने के आदेश दिए हैं कि क्या निर्माण कार्यो के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई?

राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने घटना पर गहरा दुख जताया है।

एक बचाव अधिकारी ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि 60 शव निकाले गए हैं। क्रेन से मलबा हटाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

इस घटना में बचने वाले एक शख्स ने नाइजीरिया के चैनल्स टीवी को बताया, “चर्च की सामान्य सेवा जारी थी। गवर्नर को आए 20 मिनट हो गए थे। अचानक वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर छत गिर पड़ी। गवर्नर जल्दी से बाहर निकल गए, पर अन्य इतने सौभाग्यशाली नहीं थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493