संयुक्त राष्ट्र, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ) ने अपनी नई रपट में खुलासा किया है कि संकटग्रस्त पूर्वोत्तर नाइजीरिया में आतंकवादी संगठन बोको हरम, सेना और नागरिक रक्षा समूहों के बीच छिड़े युद्ध के कारण कम से कम आठ लाख बच्चों को बेघर होना पड़ा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, नाइजीरिया में बोको हरम द्वारा 200 स्कूली विद्यार्थियों के अपहरण की घटना के एक साल बाद यूनिसेफ ने सोमवार को ‘यूनिसेफ मिसिंग चाइल्डहुड्स’ रपट जारी की। रपट में नाइजीरिया के अंदर या पड़ोसी देशों चाड, नाइजर और कैमरून में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे बच्चों की संख्या के आंकड़े पेश किए गए हैं, जो एक साल से भी कम समय में दोगुना हो चुके हैं।
पश्चिमी एवं मध्य अफ्रीका में यूनिसेफ के क्षेत्रीय निदेशक मैनुएल फोनटेन का कहना है, “नाइजीरिया में बड़ी संख्या में लड़के और लड़कियां गायब हुए हैं। कुछ का अपहरण किया गया है, कुछ सशस्त्र संगठन में भर्ती कर लिए गए हैं, उन्हें हथियारों के तौर पर प्रयोग किया गया है, हमले के शिकार हुए हैं या हिंसा के कारण पलायन को मजबूर हुए हैं।”
फोनटेन ने कहा, “अपना बचपन वापस पाना उनका हक है।”
यूनीसेफ ने अपनी नई रपट में इस बात पर प्रकाश डाला है कि किस तरह नाइजीरिया में व्याप्त संकट बच्चों के लिए खतरनाक और नुकसानदेह साबित हो रहा है। बच्चे न सिर्फ मारे जा रहे हैं, अपंग हो रहे हैं और बेघर हो रहे हैं, बल्कि बोको हरम उनसे लड़ाकों, रसोइयों, माल वाहकों और निगरानी कराने जैसे काम ले रहा है।
युवतियां और किशोरियां जबरन विवाह का शिकार हो रही हैं, उनसे मजदूरी कराई जा रही है, उनके साथ दुष्कर्म हो रहे हैं। शिक्षकों और छात्राओं को निशाना बनाया जा रहा है। 2014 के अंत तक नाइजीरिया में 300 से ज्यादा स्कूली भवन नष्ट कर दिए गए हैं और 196 शिक्षकों और 314 स्कूली बच्चों को मौत के घाट उतारा जा चुका है।
यूनिसेफ ने इस संकट से निपटने के लिए अपना मानवीय सहायता कार्यक्रम पिछले छह महीने से बढ़ा दिए हैं और नाइजीरिया, नाइजर, कैमरून और चाड में 60 हजार से ज्यादा प्रभावित बच्चों को परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहायता मुहैया करा रहा है।
यूनिसेफ अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर कुपोषित बच्चों के लिए स्वच्छ पेय जल और स्वास्थ्य सेवाओं सहित शिक्षा और थेरेप्युटिक उपचार भी मुहैया करा रहा है।
यूनिसेफ हिंसा के कारण बेघर हुए बच्चों की आपबीती लोगों तक पहुंचाने के लिए अग्रणी स्नैपचैट कलाकारों के साथ मिलकर नाइजीरिया, चाड, नाइजर और कैमरून के बच्चों द्वारा बनाई गई तस्वीरें, स्केच साझा करेगा, जिनसे यह पता चलेगा कि ये बच्चे भावनात्मक रूप से कितने आहत हैं और किन भयावह अनुभवों से गुजरे हैं।
dharmpath.com dharmpath