मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम मुंबई इंडियंस के कोच दिग्गज आस्ट्रेलियाई रिकी पोंटिंग ने रविवार को कहा कि आईपीएल के आठवें संस्करण में मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अभियान की शुरुआत करना उनकी टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी।
नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच आठ अप्रैल को ईडन गरडस स्टेडियम में होने वाले मैच से आईपीएल के आठवें संस्करण का आगाज होगा।
आईपीएल के आठवें संस्करण से पहले संवाददाता सम्मेलन में पोंटिंग ने कहा, “बुधवार को कोलकाता के खिलाफ हमें बड़ी चुनौती का सामना करना है। वे मौजूदा चैम्पियन हैं और घरेलू मैदान पर खेल रहे हैं।”
पोंटिंग ने कहा कि टीम ने अच्छी तैयारी की है और सभी खिलाड़ी उत्साहित हैं।
टी-20 प्रारूप में किसी टीम को कोचिंग देना कितना चुनौतीपूर्ण है, पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “इस प्रारूप से मैं काफी लंबे समय से जुड़ा रहा हूं। पिछले कुछ वर्षो से मैं आस्ट्रेलिया में टी-20 मैचों में कमेंटरी भी करता रहा हूं।”
पोंटिंग ने कहा, “मैं समझने लगा हूं कि यह खेल कैसे खेला जाता है। इसके तकनीकी पक्ष को मैं अब अधिक अच्छे से समझ रहा हूं। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मेरी टीम के खिलाड़ी आईपीएल-8 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
आईपीएल में शुरू से ही मैदान पर खिलाड़ियों के बीच गर्मा-गर्मी और तू-तू मैं-मैं आम बात रहा है और पोंटिंग का कहना है कि यह खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों को सीमारेखा नहीं पार करनी चाहिए।
dharmpath.com dharmpath