वाशिंगटन, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में हुए एक नए सर्वेक्षण के मुताबिक, यहां लोगों में भविष्य में आतंकवादी घटनाओं से नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार में विश्वास कम हुआ है।
यह सर्वेक्षण पिछले दिनों कैलिफोíनया राज्य के सान बर्नार्डिनो में आतंकवादी गोलीबारी में कई लोगों के मारे जाने के बाद ‘गैलप’ ने किया है, जिसके नतीजे शुक्रवार को जारी हुए।
इसमें करीब 55 फीसदी अमेरिकियों ने साफ तौर पर कहा कि उन्हें यकीन है कि सरकार लोगों को आतंकवाद से बचाने में सक्षम है। यह आंकड़ा वर्ष 2011 में हुए 9/11 आतंकवादी हमले के बाद कराए गए सर्वेक्षण के दौरान सरकार में नागरिक सुरक्षा को लेकर यकीन जताने वाले लोगों की संख्या से 33 प्रतिशत कम है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, 51 प्रतिशत लोगों ने हालांकि इसे लेकर कुछ हद तक चिंता जताई है कि वे या उनके परिजन आतंकवाद की चपेट में आ सकते हैं।
यह सर्वेक्षण आठ और नौ दिसंबर के बीच कराया गया था।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने छह दिसंबर को व्हाइट हाउस स्थित अपने कार्यालय से देश को संबोधित कर सान बर्नार्डिनो में एक आतंकवादी युगल द्वारा बरसाई गई गोलियों को ‘आतंकवाद का एक नया चरण’ करार दिया था।
गैलप ने अपने हालिया सर्वेक्षण में कहा कि जून में कराए गए सर्वेक्षण में 45 फीसदी लोगों का मानना था कि देश में अगले कुछ सप्ताहों में आतंकवादी घटनाएं हो सकती हैं और अब ऐसा मानने वाले अमेरिकियों का प्रतिशत बढ़कर 67 फीसदी हो गया है।
dharmpath.com dharmpath