नाजी-इस्लामिक स्टेट की तुलना पर एबॉट की आलोचना

कैनबरा, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। एक यहूदी जनप्रतिनिधि ने नाजियों की तुलना आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से करने पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबॉट की आलोचना की है।

‘एबीसी’ की रपट के मुताबिक गुरुवार को मैक्युएरी रेडियो को दिए गए एक साक्षात्कार में एबॉट ने अपने पहले दिए गए बयान को दोहराया। उन्होंने कहा, “नाजियों ने भयावह गुनाह किए थे लेकिन उनके पास शर्म का इतना अहसास था कि वे इन्हें छिपाने की कोशिश करते थे। लेकिन ये लोग (आईएस) तो अपने गुनाह का ढिंढोरा पीटते हैं।”

एबॉट ने कहा, “यह बेहद असाधारण बात है। वे मध्ययुगीन वहशियों की तरह बर्ताव करते हैं। फिर दुनिया भर में उसका प्रचार करते हैं, एक ऐसी गुस्ताखी के साथ कि जिस पर विश्वास करना कठिन हो। और, यह इस बुराई में एक नया आयाम जोड़ देता है।”

आस्ट्रेलियाई यहूदियों की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष रॉबर्ट गूट ने एबॉट से अपील कि है कि वह अपनी बात पर पुनर्विचार करें।

गूट ने कहा, “इस पर कोई सवाल ही नहीं है कि आईएस एक पूरी तरह से बुरा संगठन है लेकिन प्रधानमंत्री का यह आभास देना कि कुछ मामलों में यह नाजियों से भी बुरा है, दुर्भाग्यपूर्ण और समझदारी से परे है।”

उन्होंने कहा, “इस्लामिक स्टेट भयावह कृत्य कर रहा है लेकिन इसकी तुलना लाखों लोगों को पकड़ कर मौत के शिविरों तक भेजने और सरकारी नीति के तहत नरसंहार कराने से नहीं की जा सकती। ये वे काम हैं जो नाजियों ने किए थे।”

गूट ने एबॉट की इस बात को भी गलत बताया कि नाजियों में शर्म बची थी। उन्होंने कहा, “इसका शर्म से कोई ताल्लुक नहीं है। वे (नाजी) बेशर्म थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493