मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हास्य कलाकार मंत्र आने वाले कार्यक्रम ‘नारायण नारायण चुलबुले नारद की नटखट लीलाएं’ में नारद मुनि का किरदार निभाएंगे। मंत्र का कहना है कि पौराणिक कथा एक कठिन शैली है।
यह शो नारद मुनि और ब्रह्मांड में उनके कारनामों पर हल्के-फुल्के हास्य पर आधारित है।
मंत्र ने एक बयान में कहा, “मेरा मानना है कि पौराणिक किरदार, कठिन जिम्मेदारियों में से एक है, व्यक्ति को बहुत सुनिश्चित होना होता है कि वह किरदार के लिए कितना योग्य है। जब मुझे नारद के किरदार के बारे में बताया गया, मैं पृष्ठभूमि और किरदार को लेकर काफी रोमांचित हुआ।”
उन्होंने कहा, “किरदार में ढलने के लिए मैंने नारद पुराण के कई संस्करण पढ़े और दिग्गज अभिनेता जीवन की कई फिल्में देखीं, जो 1960 के दशक से नारद मुनि का किरदार करने के लिए लोकप्रिय रहे हैं।”
शो की कहानी नारद के नजरिए से उनके जीवन पर केंद्रित होगी इसके साथ भगवान विष्णु के साथ उनके खट्टे-मीठे संबंधों को उजागर किया जाएगा। भगवान विष्णु की भूमिका में उज्जल राणा नजर आएंगे।
रेडियो जॉकी के रूप में करियर की शुरुआत करने वाले मंत्र ने रंगमंच का स्वाद चखा और उसके बाद वह टीवी का हिस्सा बन गए। उन्होंने नृत्य आधारित रियलिटी शो ‘जरा नच के दिखा’ की मेजबानी की। उन्होंने सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले ‘कॉमेडी सर्कस’ के तीन सत्रों के कॉमेडियन के तौर पर लोकप्रियता हासिल की।
उन्होंने मशहूर हस्तियों के नृत्य रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ के छठे सत्र में वाइल्कार्ड के जरिए एंट्री की थी।
‘नारायण नारायण चुलबुले नारद की नटखट लीलाएं’ छह अप्रैल से बिग मैजिक पर प्रसारित होगा।
dharmpath.com dharmpath