मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने लंबे समय बाद बांग्ला फिल्म ‘निरबाक’ से पर्दे पर वापसी की है, लेकिन उनका कहना है कि वह नहीं चाहती कि इसका हिंदी रीमेक बने।
फिल्म में चार प्रेम कहानियां हैं, जो एक महिला से जुड़ी हुई है। फिल्म में मुख्य भूमिका सुष्मिता सेन ने निभाई है।
सुष्मिता ने शुक्रवार को हिंदी फिल्म जगत के दोस्तों के लिए आयोजित किए गए फिल्म के प्रीमियर पर कहा, “मुझे नहीं लगता कि ‘निरबाक’ का हिंदी रीमेक या किसी और भाषा में रीमेक बनाया जा सकता है। फिल्म की पृष्ठभूमि बंगाली है। इससे बढ़कर इसे किसी और भाषा में प्रस्तुत करने की जरूरत ही नहीं है, क्योंकि फिल्म का नाम ही ‘निरबाक’ है, जिसका मतलब है ‘निशब्द’।”
उन्होंने बताया, “फिल्म में गिने-चुने संवाद हैं। इसलिए न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया के किसी भी कोने के दर्शक इस फिल्म को समझ सकते हैं।”
श्रीजीत मुखर्जी निर्देशित ‘निरबाक’ कोलकाता में एक मई को प्रदर्शित हुई है और देश के शेष हिस्सों में यह शुक्रवार को प्रदर्शित हुई है।
dharmpath.com dharmpath