दुबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने यहां कहा कि सरकार विदेशी निवेशकों के स्वागत में लाल गलीचे बिछाएगी और उन्हें लाल फीताशाही से मुक्त रखेगी।
समाचार पत्र खलीज टाइम्स द्वारा सोमवार जारी रपट के मुताबिक, रविवार को एल्पेन कैपिटल, बरजील जियोजीत सिक्युरिटीज, खाड़ी सहयोग परिषद और एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) की दुबई शाखा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में सिन्हा ने कहा, “जैसा कि माननीय प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) ने कहा है, हम विदेशी निवेशकों के स्वागत में लाल गलीचे बिछाएंगे, उन्हें लाल फीताशाही से दूर रखेंगे।”
सिन्हा ने कहा, “हमारा लक्ष्य दुनिया के सात अरब लोगों को उत्पाद और सेवा देने के लिए एक आर्थिक इंजन बनना है। भारतीय विकास गाथा से जुड़ने का यह ऐतिहासिक अवसर है। यह जीवन में एक बार मिलने वाला मौका है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इससे जुड़िए।”
सिन्हा ने कहा कि मेक इन इंडिया से जुड़ने का एक अवसर है राष्ट्रीय निवेश और अवसंरचना कोष।
700 अरब डॉलर वाले इस कोष का अधिकांश हिस्सा सड़क और रेलमार्ग विकास पर खर्च होगा। इस कोष में सालाना आधार पर 200 अरब डॉलर जमा होंगे।
dharmpath.com dharmpath