निशानेबाजी : आईपीसी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे उल्हानकर

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) निशानेबाजी विश्व कप के लिए चुनी गई भारत की 11 सदस्यीय टीम में स्वरूप मनोहर उल्हानकर को भी शामिल किया गया है। बुधवार को इसकी घोषणा की गई।

इस टूर्नामेंट का आयोजन पांच नवम्बर से बैंकॉक में होने जा रहा है।

कोल्हापुर के निवासी पैरा-निशानेबाज ने ‘गन फॉर ग्लोरी (जीएफजी)’ निशानेबाजी अकादमी में प्रशिक्षण लिया। उन्होंने हाल ही में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया और भारतीय पैरालम्पिक समिति की ओर से आयोजित केएसएस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया।

जीएफी के मुख्य कोच अन्तोन बेलाक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने वाले उल्हानकर आईपीसी विश्व कप टूर्नामेंट में 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एंड प्रोन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

इस बारे में उल्हानकर ने कहा, “मैं पिछले चार साल से जीएफजी में प्रशिक्षण ले रहा हूं और मेरे प्रदर्शन में सुधार हुआ है। कोच बेलाक और युनितारी इलियास ने मेरी निशानेबाजी पर काफी काम किया है और अब मैं आत्मविश्वास से भरपूर महसूस कर रहा हूं।”

उल्हानकर इस अकादमी में विशेषकर गगन नारंग की उपस्थिति के लिए शुक्रगुजार हैं।

उन्होंने कहा, “मैं अपंग हूं और अपने करियर के शुरुआती दिनों में मुझे कोच नहीं मिला। गगन जी ने बिना कुछ जाने मुझे अकादमी में शामिल किया और उनके समर्थन से मुझे आगे बढ़ने में प्रेरणा मिली।”

उल्हानकर ने कहा कि गगन ने उन्हें पैरा-निशानेबाजी की ओर प्रेरित किया और निशानेबाजी में बेहतर करने के लिए बढ़ावा भी दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493