नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) द्वारा आयोजित निशानेबाजी विश्व कप में रविवार का दिन भारत के लिहाज से निराशाजनक रहा।
भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल कर सके।
संजीव ने क्वालिफाइंग राउंड की शुरुआत बेहद खराब तरीके से की, हालांकि सुधार करते हुए उन्होंने आठवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
फाइनल में कुल आठ प्रतिस्पर्धी ही थे और फाइनल में 15 शॉट तक संजीव पदक के दावेदार प्रतीत हो रहे थे। लेकिन स्टैंडिंग पोजीशन में वह आठ से अधिक स्कोर कर ही नहीं पाए।
इसी स्पर्धा में चैन सिंह नौवें और सत्येंद्र सिंह 13वें स्थान पर रहे।
इससे महिला वर्ग में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी भारत के हाथ निराशा ही लगी। पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त निशानेबाज रह चुकीं हीना सिद्धू 0.1 अंक के अंतर से फाइनल में प्रवेश करने से चूक गईं और 11वें स्थान पर रहीं।
हरवीन राव ने हालांकि चौंकाते हुए फाइनल में जगह बनाई, हालांकि वह सातवां स्थान ही हासिल कर सकीं।
मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन और सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त चीन की मेंगशू झांग को चीन की ही यूमेई लिन ने हराते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
विश्व कप में अब तक हुए राइफल और पिस्टल श्रेणी की सभी स्पर्धाओं का स्वर्ण चीनी निशानेबाजों ने जीते। चीन ने रविवार को अपना चौथा और पांचवां स्वर्ण पदक जीता।
पांच स्वर्ण और चार रजत पदक के साथ चीन शीर्ष पर है। दूसरे स्थान पर मौजूद इटली वहीं अब तक सिर्फ एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीत सका है।
भारत सिर्फ एक कांस्य पदक जीतकर पांच अन्य देशों के साथ पांचवें स्थान पर है।
dharmpath.com dharmpath