निसान धोखाधड़ी : गिरफ्तार घोश्न बीमार, पूछताछ रद्द

टोक्यो, 10 जनवरी (आईएएनएस)। धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार निसान मोटर के पूर्व चेयरमैन कार्लोस घोश्न के बीमार होने के कारण उनसे पूछताछ रद्द कर दी गई। घोश्न 19 नवंबर से हिरासत में हैं।

समाचार एजेंसी ‘एफे’ को उनके कानूनी सलाकार टीम ने बताया कि घोश्न को बुधवार की रात से काफी बुखार है और चिकित्सकों ने उनको आराम करने की सलाह दी है।

उनके निसान के प्रमुख रहते हुए कथित तौर पर हुई वित्तीय अनियमितताओं के बारे में अधिक से अधिक साक्ष्य जुटाने की कोशिश में जुटे अभियोजक गिरफ्तारी के बाद से ही उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

अदालत ने बुधवार को घोश्न के वकीलों द्वारा उनकी हिरासत खत्म करने की मांग ठुकरा दी। उनको मंगलवार को पहली बार न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया था, जहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताया।

घोश्न पर आरोप है कि 2008 के वित्तीय संकट में निसान की लेखाबही में उन्होंने अपने व्यक्तिगत निवेश के नुकसान को दर्ज कर दिया था, हालांकि उनके वकीलों का कहना है कि उनके इस कार्य को कंपनी प्रबंधन की मंजूरी मिल चुकी है।

उनकी हिरासत की अवधि शुक्रवार तक बढ़ा दी गई है। अभियोजक हिरासत की अवधि आगे बढ़ाने की कोशिश में नए आरोप लगा सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493