नीस हमले के सिलसिले में 2 और गिरफ्तार

पेरिस, 17 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के नीस शहर में गुरुवार रात बास्तील दिवस समारोह के दौरान आतिशबाजी देखने के लिए उमड़ी भीड़ को ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में प्रशासन ने रविवार को दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक महिला भी है।

आतंकवाद रोधी अभियोजक की प्रवक्ता एजेंस थिबॉल्ट लेक्यूवरे ने गिरफ्तारियों की पुष्टि की है।

इस हमले में 84 लोगों की मौत हो गई थी। इसे अंजाम देने वाले शख्स की पहचान 31 वर्षीय ट्यूनिशियाई नागरिक मोहम्मद लाहौएज बोहलेल के रूप में की गई है। उसे पुलिस ने घटना के बाद की गई कार्रवाई में मार गिराया था।

हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली है। फ्रांस की पुलिस ने इस मामले में संलिप्तता के संदेह में शनिवार को तीन और शुक्रवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

हिरासत में लिए गए लोगों में बोहलेल से अलग रह रही उसकी पत्नी भी शामिल है।

ये गिरफ्तारियां फ्रांस पुलिस की विशेष आपरेशन इकाई ‘रेड’ और न्यायिक पुलिस की रिसर्च एंड इंटरवेंशन ब्रिगेड (बीआरआई) ने की हैं।

फ्रांस ने आतंकवादी घटनाओं को देखते हुए 12,000 रिजर्व पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में लगा दिया है।

फ्रांस के गृह मंत्री बेरनार काजनोव के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि हमलावर आतंकी विचारधारा के प्रभाव में था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493