नेपाल के उप प्रधानमंत्री ने चुनाव के लिए भारत से मदद मांगी

काठमांडू, 29 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल के उप प्रधानमंत्री बिमलेंद्र निधि ने आगामी स्थानीय चुनाव के लिए भारत से मदद का आग्रह किया है।

नेपाल ने भारत से वाहन तथा चुनाव से संबंधित सामग्री मुहैया कराने का आग्रह किया है।

काठमांडू पोस्ट की बुधवार की एक रपट के मुताबिक, नेपाल में भारत के नवनियुक्त राजदूत मंजीव सिंह पुरी के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हाल में नई दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने भारत से चुनाव में सहयोग का आग्रह किया था, जिसे बैठक में दोहराया गया। बिमलेंद्र निधि देश के गृहमंत्री भी हैं।

निधि ने कहा कि राजदूत पुरी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

नेपाल में दो दशक बाद 14 मई को स्थानीय चुनाव होने जा रहे हैं, जो प्रांतीय और उसके बाद साल के अंत में राष्ट्रीय चुनाव का मार्ग प्रशस्त करेगा।

विदेश मंत्रालय के माध्यम से गृह मंत्रालय सामग्री से संबंधित सहयोग के लिए पहले ही नई दिल्ली से आग्रह कर चुका है। भारतीय दूतावास के मुताबिक, राजदूत ने आग्रह पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।

इसके अलावा, निधि व पुरी ने आतंकवाद से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई है, जो दोनों पड़ोसी देशों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग तथा नेपाल के राजनीतिक हालात के बारे में भी चर्चा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493