इस्लामाबाद, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान भूकंप प्रभावित नेपाल की मदद के लिए राहत सामग्रियों के साथ अपनी वायु सेना के चार विमान भेजेगा। मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।
पाकिस्तान के इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) के अनुसार, “चार ‘सी-130’ विमान 30 बिस्तरों, विशेष तलाशी एवं बचाव दल और अन्य राहत सामग्रियों के साथ रविवार को नेपाल रवाना होंगे।”
समाचार पत्र ‘डान’ की वेबसाइट के अनुसार, प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोईराला से फोन पर बातचीत कर नेपाल के लिए सहायता भेजने की पेशकश की।
पाकिस्तान, नेपाल के भूकंप पीड़ितों के लिए 30 बिस्तर, पाकिस्तानी सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक दल, चिकित्सा सुविधाएं, ऑर्थोपेडिक, गायनॉकोलॉजिस्ट, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, बाल विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट और पैरामेडिक्स भेज रहा है।
पाकिस्तानी सेना का एक शहरी खोज एवं बचाव दल भी नेपाल भेजा जा रहा है, जो विशेष रूप से प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव अभियान के लिए प्रशिक्षित है।
खोज एवं बचाव दल जमीन खोदने एवं कंक्रीट काटने वाले उपकरणों से लैस है। इस दल को विशेष रूप से मलबे में दबे लोगों को ढूंढने और बचाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
नेपाल में शनिवार को आए तेज भूकंप में 1,800 लोगों की मौत हुई है। भूकंप के पहले झटके की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.9 आंकी गई, जबकि दूसरे झटके की तीव्रता 7.0 दर्ज की गई।
भूकंप का केंद्र राजधानी काठमांडू से महज 75 किलोमीटर दूर लामजुंग जिले में था।
भूकंप के झटके नेपाल के आस-पास के देशों भारत, तिब्बत, बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी महसूस किए गए।
dharmpath.com dharmpath