नेपाल ने पुनर्निर्माण के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहायता मांगी

काठमांडू, 18 मई (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया है कि वह नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में विस्थापित हुए लोगों के पुनर्वास में सहायता करे और सरकार के पुनर्निर्माण के व्यापक प्रयास में मदद करे।

ई-कांतिपुर की रपट के मुताबिक कोइराला ने रविवार को सभी हितधारकों से पुनर्निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा बनने की अपील की।

उन्होंने कहा कि खोज और बचाव कार्य पूरा करने के साथ ही नेपाल अब पुनर्वास और पुनर्निर्माण के चरण में प्रवेश कर चुका है।

उन्होंने ‘अपने मित्रों’ से खुले दिल से पुनर्निर्माण प्रक्रिया का समर्थन करने का आग्रह किया है।

तलाश और बचाव कार्यो में सहयोग करने वाले देशों का धन्यवाद जताते हुए कोइराला ने पुनर्निर्माण के चरण में भी उनकी भागीदारी की जरूरत की बात कही। उन्होंने देश के पुनर्निर्माण की अपनी प्रतिबद्धता के लिए राष्ट्रीय पुनर्निर्माण कोष की स्थापना के सरकार के फैसले का उल्लेख किया और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय और दानकर्ताओं से राष्ट्रीय आपदा से निपटने में सहयोग करने का आग्रह किया।

सरकार ने 20,000 करोड़ नेपाली रुपये इकट्ठा करने का लक्ष्य तय किया है। नेपाल ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय, दान देने वालों और निजी क्षेत्र से कोष में योगदान देने का आग्रह किया है।

25 अप्रैल को जिस दौरान भूकंप आया कोइराला इंडोनेशिया में थे। वे दो दिनों बाद वहां से नेपाल लौटे थे। आपदा के बाद उनकी सरकार की सुस्त प्रतिक्रिया के चलते उनकी आलोचना हो रही थी। 12 मई को भूकंप के बाद उन्होंने तुरंत मीडिया को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया कि उनकी सरकार आपदा के लिए तैयार नहीं थी।

उन्होंने कहा, “हमें लोकतंत्र के लिए काफी लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा इसीलिए हमारे पास अपर्याप्त संसाधन हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493