नेपाल में बाढ़, भूस्खलन से 17 मरे, 6 लापता (लीड-1)

काठमांडू, 12 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिणी नेपाल में शनिवार को भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 17 लोग मारे गए और छह अन्य लापता हो गए हैं।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, गृह मंत्री जनार्दन शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नौ की मौत भूस्खलन से हुई है, जबकि बाकी बाढ़ में डूब गए।

उन्होंने आगे कहा कि चार घायलों की हालत अत्यधिक गंभीर है।

मंत्री के मुताबिक, देश के दक्षिणी हिस्से के 15 जिले भारी बारिश से प्रभावित हैं और बाढ़ में करीब 15,000 घर बह गए हैं।

शर्मा ने कहा कि सेना और पुलिस का बचाव अभियान जारी है।

नेपाल के मौसम विभाग ने कहा कि कुछ जिलों में 227 मिमी तक बारिश हुई और सोमवार तक बारिश जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है।

नेपाल में शुक्रवार रात से आई बाढ़ के कारण हजारों परिवारों को अपना घर छोड़कर आश्रय स्थलों में पनाह लेना पड़ा और उनकी संपत्ति, पशुधन और फसलें तबाह हो गईं।

कई नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर है, जिससे लोगों के घरों और आजीविका को नुकसान हुआ है।

पिछले महीने भी नेपाल में बारिश के कारण कम से कम 30 लोगों की मौत हुई थी। समूचे दक्षिण एशिया में फिलहाल मॉनसून का मौसम चल रहा है।

नेपाल में मॉनसून के दौरान बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं आम बात हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493