नेपाल में महामारी के डर से मांस बिक्री पर प्रतिबंध

काठमांडू, 2 मई (आईएएनएस)। नेपाल में बीते सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप के कारण हुई तबाही के बाद महामारी फैलने के डर से पशु-पक्षियों को मारकर उनका मांस बेचने और खाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

काठमांडू जिला प्रशासन ने यहां जारी एक सार्वजनिक सूचना में लोगों से अपील की है कि कुछ दिनों तक भोजन में मांस के उपयोग से परहेज करें।

अधिकारियों का मानना है कि मांस के क्रय-विक्रय से साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ेंगी और इससे क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा है।

काठमांडू जिला प्रशासन प्रमुख एक नारायण अर्याल ने कहा, “हमने क्षेत्र में महामारी फैलने और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के नजरिए से काठमांडू के लोगों से पशु-पक्षियों को नहीं मारने का आग्रह किया है।”

नेपाल में बीते सप्ताह आए तेज भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 6,600 हो चुका है। आपदा में लाखों लोग बेघर हुए हैं और खुले आसमान के नीचे गुजारा करने को मजबूर हैं। ऐसी स्थिति में साफ-सफाई और स्वच्छता एक गंभीर समस्या बन गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493