हवाना, 7 मई (आईएएनएस)। विनाशकारी भूकंप का दंश झेल रहे नेपाल में पीड़ितों की सहायता के लिए क्यूबा एक मेडिकल टीम भेजेगा। क्यूबा के लोक स्वास्थ्य मंत्रालय ने हवाना में इसकी घोषणा की।
स्पेनिश समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, आधिकारिक क्यूबाडिबेट वेबसाइट में बुधवार को प्रकाशित इस घोषणा में बताया गया कि टीम में 22 चिकित्सा विशेषज्ञों सहित 48 लोग होंगे। इन सभी सदस्यों को ऐसे मिशनों का पूर्व अनुभव है।
ये स्वास्थ्यकर्मी सर्जरी इकाई, नसबंदी, गहन चिकित्सा इकाई, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड के उपकरणों और एक अर्ध स्वचालित प्रयोगशाला से लैस एक अस्पताल जैसी सुविधा नेपाल को देंगे। वे नेपाल को परामर्श तथा पुनर्वास जैसी सुविधाऐं भी देंगे।
स्वास्थ्य कर्मी अंतर्राष्ट्रीय हेनरी रीव ब्रिगेड से सदस्य हैं, जिसका गठन 2005 में आपदा और महामारियों के दौरान काम के लिए किया गया था। यह ब्रिगेड पश्चिम अफ्रीका मे इबोला महामारी से निपटने के प्रयासों के बाद दुनियाभर में मशहूर हुई थी।
नेपाल में 25 अप्रैल को आए विनाशकारी भूकंप में कम से कम 7,652 लोगों की मौत हो चुकी है और 16,390 लोग घायल हुए हैं।
नेपाल अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप में लगभग 28 लाख नागरिक विस्थापित हुए हैं और 2,00,000 इमारतें ध्वस्त हुई हैं।
dharmpath.com dharmpath