काठमांडू, 13 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में हवाई दुघर्टनाओं के सबसे प्रमुख कारण के रूप में मानवीय भूल के सामने आने के बाद प्रशासन ने हवाई हादसे टालने के लिए पायलट्स की जांच को अधिक पुख्ता करने का फैसला किया है।
प्रशासन ने कहा है कि वे देश की विमानन कंपनी के चालक दल के सदस्यों के ‘स्वास्थ्य और आचरण’ की जांच को और पुख्ता बनाएंगे।
नेपाल में पिछले एक साल में छह दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 36 यात्री और चालक दल के सदस्यों की मौत हो चुकी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ‘सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल’ (सीएएएन) के महानिदेशक संजीव गौतम ने ‘सुशासन और नेपाली संसद की निगरानी समिति’ में कहा कि सीएएएन ने चालक दल के सदस्यों के मानवीय आचरण के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है।
गौतम ने कहा, “हमें समझ नहीं आता कि पायलट्स बार-बार बादलों में प्रवेश क्यों कर रहे हैं, जबकि यह मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन है।”
गौतम ने सांसदों को बताया कि सीएएएन ने विमानन कंपनी संचालकों को परिपत्र जारी करके कहा है कि अगर कोई भी पायलट मानसून के दौरान बादलों में प्रवेश करता पाया गाया तो उसका लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिया जाएगा।
संस्कृति मंत्रालय, पर्यटन और नागरिक उड्डयन सचिव प्रेम कुमार राय ने कहा कि सरकार पायलटों के उड़ान शुरू करने से पहले उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच की नीति लागू करेगी।
नेपाली सांसदों ने कहा कि अगर सुरक्षा से जुड़े वर्तमान मुद्दों में सुधार नहीं किया गया तो कोई भी हादसे का शिकार हो सकता है।
dharmpath.com dharmpath