सैंटियागो, 21 जून (आईएएनएस)। ब्राजील फुटबाल टीम के कप्तान नेमार पर लगे चार मैचों के प्रतिबंध के बाद अर्जेटीना के डिफेंडर जेवियर मास्केरानो ने शनिवार को आशंका जताई कि ब्राजीलियाई स्टार को जानबूझकर कोपा अमेरिका टूर्नामेंट से बाहर किया गया है।
कोलंबिया के खिलाफ मैच के तत्काल बाद नेमार को प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों से उलझने के कारण शुक्रवार को दक्षिण अमरिकी फुटबाल की संचालन संस्था कॉनमेबोल ने चार मैचों का प्रतिबंध लगा दिया।
गौरतलब है कि नेमार और मास्केरानो स्पेन के क्लब बार्सिलोना के लिए खेलते हैं।
गोल डॉट कॉम के अनुसार मास्केरानो ने कहा, “दक्षिण अमेरिकी फुटबाल में ऐसा होता रहता है और कोपा अमेरिका में इस तरह की घटनाएं और ज्यादा होती हैं। नेमार जैसे खिलाड़ियों के लिए यहां खेलना काफी मुश्किल होता है क्योंकि यूरोप में आपको मैदान पर ज्यादा सुरक्षा मिलती है।”
मास्केरानो के अनुसार, “नेमार को प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों द्वारा करीब 20 बार परेशान किया गया लेकिन रेफरी द्वारा पीला कार्ड उन्हें ही दिखाया गया। नेमार जैसे बेहतरीन खिलाड़ी को यहां खेलने नहीं दिया जाता। यह रेफरी और मैच अधिकारियों पर निर्भर करता है कि वह इस तरह की हरकतों के बारे में क्या करना चाहते हैं।”
उल्लेखनीय है कि नेमार पर पहले एक मैच का ही प्रतिबंध लगा था। बाद में हालांकि मैच अधिकारियों को अपशब्द कहने के आरोप में उन पर और तीन मैचों का प्रतिबंध और 10,000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया।
dharmpath.com dharmpath