नेल्सन, 2 जनवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच शनिवार को सैक्स्टन ओवल मैदान पर हुआ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला का चौथा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश के कारण सिर्फ नौ ओवरों का खेल हो सका।
सुबह से ही बारिश होती रही, जिसके चलते टॉस में भी काफी विलंब हुआ। स्थानीय समयानुसार शाम 3.15 बजे टॉस हो सका और मैच को संशोधित कर 24-24 ओवरों का कर दिया गया।
टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी चुनी। कम ओवरों के मैच को देखते हुए न्यूजीलैंड ने तेज गति से रन बनाने शुरू किए, जिसके कारण 53 रनों के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते उसके तीन विकेट गिर चुके थे।
मार्टिन गुप्टिल 14 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर नुवन कुलासेकरा के शिकार हुए। वह पगबाधा करार दिए गए।
इससे पहले थिसारा परेरा ने टॉम लाथम (9) के रूप में चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर पहला विकेट चटकाया। 12 गेंदों पर एक चौका लगाकर 12 के निजी योग पर केन विलियमसन पवेलियन लौटने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे। दुष्मांता चमीरा ने उन्हें अपनी ही गेंद पर लपक लिया।
मैच रद्द होने तक रॉस टेलर 14 गेंद में तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाकर हेनरी निकोलस (नाबाद 4) के साथ नाबाद रहे थे।
श्रीलंका के लिए चमीरा, परेरा और कुलासेकरा को एक-एक विकेट मिला।
पांच मैचों की श्रृंखला में न्यूजीलैंड अभी भी 2-1 से आगे है। श्रृंखला का पांचवां मैच मंगलवार को खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath