मोंटेवीडियो (उरुग्वे), 23 जून (आईएएनएस)। उरुग्वे के स्ट्राइकर लुइस सुआरेज उस समय काफी भावुक हो गए, जब उनके फुटबाल क्लब नेशनल दे मोंटेवीडियो ने एक प्रशिक्षण पिच का नाम उनके नाम पर रखकर उन्हें अनोखा पुरस्कार दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सुआरेज के साथ उनका परिवार भी इस मौके पर मौजूद था।
उरुग्वे की राजधानी में आयोजित एक समारोह में सुआरेज ने एक भावुक भाषण भी दिया।
उरुग्वे के 30 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, “मैं बहुत आभारी हूं। मुझे इस बात से खुशी हो रही है कि मेरे बच्चे उस मैदान को देख पा रहे हैं, जहां फुटबाल खेलते हुए मैं बड़ा हुआ।”
सुआरेज ने नेशनल यूथ अकादमी के सदस्यों को एक संदेश भी दिया, क्योंकि वह इस प्रशिक्षण पिच का इस्तेमाल अपने अभ्यास के लिए करेंगे।
नेशनल के साथ सुआरेज ने कुल 27 मैच खेले। उन्होंने कहा, “आपको कुछ परेशानियों भरे पलों से गुजरना होगा, जैसे मैं गुजरा, लेकिन कभी हार मत मानना।”
वर्तमान में सुआरेज अपने परिवार के साथ छुट्टियों पर हैं। उन्होंने बार्सिलोना के साथ 2016-17 सीजन में खेले गए 51 मैचों में 37 गोल दागे हैं।
dharmpath.com dharmpath