नेशनल रेसिंग : नयन ने पूरा किया ग्रैंड डबल

कोयंबतूर, 31 जुलाई (आईएएनएस)। नयन चटर्जी ने रविवार को जेके टायर एएफएमएससीआई नेशनल रेसिंग चैंपियनशिप में यूरो जेके 16 कैटेगरी में जीत के साथ ग्रैंड डबल पूरा कर लिया।

वहीं रिकी डॉनिसन शीर्ष स्थान हासिल करने से चूक गए। वह शनिवार की रेस में भी शीर्ष पर थे, लेकिन रविवार को वह जंप स्टार्ट के कारण यह स्थान हासिल नहीं कर पाए। उन्हें दस सेकेंड की पेनल्टी लगी। इससे वो दोनों रेसों में छठे और तीसरे नंबर पर फिसल गए।

नयन ने जबरदस्त संघर्ष के बाद पहला स्थान हासिल किया। नयन, रिकी और कृष्णराज के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिला। आठवें लैप में रिकी आगे निकलने में सफल रहे।

हालांकि उनकी खुशी जल्दी ही खत्म हो गई, जब उन्हें एक गलती का दोषी पाया गया और इसके लिए सजा दी गई।

रेस के बाद संवाददाता सम्मेलन में नयन ने कहा कि, “मैं दोनों रेस में पहला स्थान पाने पर बहुत खुश हूं। यह किसी भी तरह से आसान नहीं था, क्योंकि मुकाबला बहुत कड़ा था।”

नयन ने रेस पूरी करने में 15: 46.852 मिनट का समय लिया। शनिवार को कुश मैनी ने रेस वन 14: 45.354 मिनट में पूरी की थी। रेस चार में विजेता का समय करीब एक मिनट ज्यादा रहा।

एलजीबी फॉर्मूला फोर की भी यही कहानी रही। रोहित खन्ना ने 20:29.629 मिनट का समय लेते हुए रेस तीन जीती। जबकि पहली रेस में विष्णु प्रसाद ने 18: 20.004 मिनट का समय लिया था।

एलजीबी की दूसरी रेस में डार्क डॉन के अश्विन सुंदर और मेको रेसिंग के विष्णु प्रसाद और सुदर्शन राव करवल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पोल लीडर विष्णु आखिर में अश्विन से पिछड़ गए।

अश्विन ने तीसरे स्थान से शुरुआत की थी। उन्होंने 21: 33.105 मिनट में रेस पूरी कर जीत हासिल की। पांचवें लैप में उनका समय महज 1: 12.546 मिनट रहा।

जेंटलमेंस कप कैटेगरी में रेड रूस्टर के आशीष रामास्वामी आसानी से जीत गए और उन्होंने ग्रैंड डबल पूरा किया। शनिवार को उन्होंने पहली रेस जीती थी। रविवार को भी उन्हें कोई चुनौती नहीं दे पाया। शनिवार को दूसरे स्थान पर आए सी.राजाराम रेस पूरी नहीं कर पाए।

उन्हें अपना दूसरा स्थान विद्याप्रकाश दामोदरन को देना पड़ा, जो शनिवार को तीसरे स्थान पर थे। इस प्रदर्शन से वो चैंपियनशिप टेबल में दूसरे नंबर पर आ गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493