वेलिंगटन, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ लड़ाई में सहायता करने के लिए न्यूजीलैंड के सैनिक गुरुवार को इराक जाने से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुए।
स्टफ ऑनलाइन की रपट के मुताबिक, मध्यपूर्व के लिए रवाना होने से पहले अपनी तैनाती के पहले चरण के रूप में सैनिक ऑस्ट्रेलिया में रुकेंगे।
न्यूजीलैंड रक्षा बल (एनजेडडीएफ) ने कहा कि सैनिकों को गवर्नर जनरल जेरी मेटापैरे ने भेजा है।
एनजेडडीएफ ने पूर्व में सैनिकों की तैनाती की घोषणा न करने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि ऐसा सुरक्षा कारणों से नहीं किया गया। मध्यपूर्व के क्षेत्र में अपने सैनिकों की तैनाती की विस्तृत जानकारी न्यूजीलैंड उपलब्ध नहीं कराएगा।
न्यूजीलैंड की सरकार ने फरवरी में घोषणा की थी कि वह ऑस्ट्रेलियाई सैनिकों के साथ संयुक्त अभियान के तौर पर 143 सैनिकों को इराक में तैनात करेगी।
सैनिकों को यहां पर दो साल के लिए तैनात किया जाएगा, और नौ माह पर इनकी समीक्षा की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath