वाशिंगटन, 2 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह न्यूयॉर्क में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के संदिग्ध को ग्वांतानामो बे सैन्य जेल में भेजने पर विचार करेंगे।
वाशिंगटन, 2 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह न्यूयॉर्क में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के संदिग्ध को ग्वांतानामो बे सैन्य जेल में भेजने पर विचार करेंगे।
ट्रंप ने कहा कि वह कांग्रेस से वीजा लॉटरी कार्यक्रम को समाप्त करने के लिए कहेंगे जिसके जरिये उज्बेकिस्तान का रहने वाला हमले का संदिग्ध सेफुल्लो सैपोवा देश में प्रवेश किया था।
‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस में बुधवार को कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिकी सरकार को अधिक सख्त और तेज होने की जरूरत है। उन्होंने पूर्व सरकार खासकर बराक ओबामा पर प्रवासन और आतंकवाद पर नरम रहने का आरोप लगाया।
ट्रंप ने एक संवाददाता के सवाल पर कहा, “उसे गिटमो (ग्वांतानामो) भेजो। मैं निश्चित रूप से इस पर विचार करूंगा।”
क्यूबा में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर स्थित ग्वांतानामो बे जेल में अमेरिका में हिरासत में लिए गए किसी शख्स को कभी नहीं भेजा गया और 2008 से विदेशों में पकड़े गए किसी भी संदिग्ध आतंकवादी को वहां स्थानांतरित नहीं किया गया है।
29 वर्षीय उज्बेकिस्तानी संदिग्ध के बारे में आंतरिक सुरक्षा विभाग (होमलैंड सिक्योरिटी) ने बुधवार को ‘एफे’ को पुष्टि की कि सैपोवा ने तथाकथित डायवर्सिटी वीजा लॉटरी कार्यक्रम के तहत देश में प्रवेश किया था, जो प्रति वर्ष 50,000 वीजा प्रदान करता है।
ट्रंप मंगलवार के हमले से पहले भी इस कार्यक्रम की आलोचना कर चुके हैं, लेकिन बुधवार को वह एक कदम आगे बढ़ते नजर आए।
ट्रंप ने कहा, “आज मैं लॉटरी कार्यक्रम को खत्म करने की प्रक्रिया शुरू कर रहा हूं। मैं कांग्रेस से इस कार्यक्रम से छुटकारा पाने के लिए तुरंत काम शुरू करने को कहूंगा।”
उन्होंने कहा, “हम मेरिट-आधारित कार्यक्रम चाहते हैं, जिसके तहत लोग देश में योग्यता के आधार पर प्रवेश करते हैं और हम इस श्रंखलाबद्ध प्रवासन से छुटकारा चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath