मुंबई, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। अश्विनी अय्यर तिवारी की फिल्म ‘पंगा’ के लिए कबड्डी सीख रहीं अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने बताया कि वह स्कूल के दिनों में कबड्डी खेलती थीं और उनका यह अनुभव अब काम आ रहा है।
ऋचा ने कहा, “पेशेवर खिलाड़ियों के साथ काम करना शानदार रहा है। हम एक वरिष्ठ खिलाड़ी और एक वरिष्ठ कोच के साथ काम कर रहे हैं। वे हमें खेल का बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण दे रहे हैं। स्कूल के दिनों में मैंने कबड्डी खेली थी जो अब काम आ रही है। मुझे उन दिनों स्कूल में कबड्डी खेलने में मजा आता था।”
उन्होंने कहा, “अश्विनी अपने काम को लेकर गंभीर हैं। यह इस प्रक्रिया को और भी मजेदार बनाता है और हमें असल जिंदगी के कबड्डी खिलाड़ियों की तरह ही दिखने के लिए अपने किरदार में पूरी तरह ढलने के लिए प्रेरित करता है।”
अभिनेत्री ने हाल ही में भोपाल में फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा किया था और वह अगले शेड्यूल की शूटिंग के लिए तैयार हैं, जो फरवरी से शुरू होगा।
dharmpath.com dharmpath