पंजाब: आप सांसद का दावा, भाजपा नेता ने दल बदलने के लिए पैसे और मंत्री पद का प्रस्ताव दिया

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष भगवंत मान ने रविवार को दावा किया कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी में शामिल होने के लिए उन्हें धन और केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की पेशकश की.

संगरूर के सांसद ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें धन या किसी अन्य चीज से नहीं खरीदा जा सकता है.

किसी का नाम लिए बगैर मान ने दावा किया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता ने चार दिन पहले उनसे संपर्क किया और उनसे कहा, ‘मान साहब, भाजपा में शामिल होने के लिए आप क्या लोगे?’ उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे यह भी पूछा गया कि ‘क्या आपको धन की जरूरत है.’

आप नेता ने दावा किया कि उनसे कहा गया कि अगर वह भाजपा में शामिल होते हैं तो उन्हें केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा.

पंजाब में आप के एकमात्र सांसद मान ने कहा, ‘मैंने उनसे (भाजपा नेता) कहा कि मैं मिशन पर हूं, न कि कमीशन पर.’

उन्होंने कहा कि उन्होंने भाजपा नेता से कहा कि दूसरे लोग होंगे जिन्हें आप खरीद सकते हैं. मान ने कहा कि उन्हें धन या किसी और चीज से नहीं खरीदा जा सकता है.

जब उनसे भाजपा नेता के नाम का खुलासा करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि सही समय पर वह नाम का खुलासा करेंगे.

आप नेता ने दावा किया कि भाजपा का पंजाब में कोई जनाधार नहीं है. भाजपा नेताओं को गांवों में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था और कृषि कानूनों को लेकर उन्हें किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा. इन कानूनों को सरकार ने पिछले हफ्ते निरस्त कर दिया.

इस बीच, भाजपा पर निशाना साधते हुए आप के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने दावा किया कि कांग्रेस के 25 विधायक उनकी पार्टी में शामिल होने के लिए संपर्क कर रहे हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी इस ‘कचरे’ को नहीं चाहती और कहा कि अगर भाजपा इन्हें अपने पाले में लेना चाहे तो वह विधायकों की इस सूची को भाजपा के साथ साझा करने को तैयार हैं.

चड्ढा ने आरोप लगाया कि दिल्ली के ‘शीर्ष भाजपा नेता’ उनकी पंजाब इकाई के नेताओं को फोन कर भाजपा में शामिल होने की पेशकश के साथ ही रिश्वत देने का प्रयास कर रहे हैं.

चड्ढा ने दिल्ली में प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया, ‘दिल्ली से भाजपा के शीर्ष नेता हमारे पंजाब के नेताओं, सांसद और विधायकों को फोन कर उनसे भाजपा में शामिल होने का अनुरोध कर रहे हैं और उन्हें पैसा, भूमि, संपत्ति और पद की पेशकश कर रहे हैं.’

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493