चंडीगढ़, 6 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब की अंडर-17 लड़कियों की क्रिकेट टीम ने खंडवा (मध्य प्रदेश) में आयोजित 63वें राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीत ली। शिक्षा मंत्री अरुणा चौधरी ने राष्ट्रीय चैंपियन बनी पंजाब की टीम को बधाई दी।
संवाददाताओं को दिए बयान में चौधरी ने कहा कि इस जीत का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और कोचिंग स्टाफ के नेतृत्व को जाता है।
चौधरी ने टीम के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों के अध्यापकों और अभिभावकों को भी बधाई दी। उन्होंनें कहा कि यह गर्व की बात है कि पंजाब की लड़कियां हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं और खेलों में भी पंजाब की लड़कियों का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंनें कहा कि शिक्षा विभाग के लिए यह बहुत गर्व की बात है।
शिक्षा विभाग के खेल आयोजक रुपिंदर रवि ने कहा कि मध्य प्रदेश के खंडवा में 63वें राष्ट्रीय स्कूल खेल के अंडर-17 क्रिकेट (महिला) के मुकाबले में पंजाब ने फाइनल सहित सभी पांच मैच जीते और स्वर्ण पदक जीता।
फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश को सात विकटों से हराया जबकि सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को चार विकेट से मात दी। उन्होंने बताया कि पंजाब की वीरपाल कौर ने कुल 199 रन बनाए और टूर्नामेंट की सर्वोत्तम बल्लेबाज का पुरस्कार भी हासिल किया।
इसके अलावा, अर्शदीप कौर आठ विकेट लेने के साथ ही टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुनी गईं।
dharmpath.com dharmpath